अयोध्या: सड़क पर बह रहा सीवर का गंदा पानी, जल निगम के जेई पर लापरवाही का आरोप
उप्र के अयोध्या जनपद के स्वामी विवेकानंद वार्ड के ऋषि टोला मोहल्ले में पिछले करीब 15 दिनों से ओवरफ्लो सीवर और जलभराव से स्थानीय लोग परेशान हैं।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के स्वामी विवेकानंद वार्ड के ऋषि टोला मोहल्ले में पिछले करीब 15 दिनों से ओवरफ्लो सीवर और जलभराव से स्थानीय लोग परेशान हैं।
सड़क पर लगातार सीवर का गंदा पानी बहने से राहगीरों को गंदगी और दुर्गंध के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं, पास स्थित धार्मिक स्थल पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के नीचे चेंबर की कनेक्टिविटी पाइप के ऊपर की सड़क टूटकर धंस गई है, जिसके चलते सीवर चोक होकर चेम्बर का गन्दा पानी सड़क पर निकल रहा है।
लोगों का आरोप है कि कई बार जल निगम के जेई को सूचना देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। स्थानीय निवासियों ने चेंबर की सफाई, टूटी सड़क की मरम्मत और जलभराव से तत्काल निजात दिलाने की मांग की है।
वही जल निगम निर्माण खंड शहरी के अधिशासी अभियंता रोहित चौरसिया ने बताया कि उन्हें अभी इस समस्या की जानकारी हुई है। उन्होंने तत्काल संबंधित एई और जेई को मौके की समस्या से अवगत करा दिया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही चेंबर की सफाई कराई जाएगी और टूटी सड़क व अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य विभाग द्वारा कराया जाएगा।
अब देखना यह होगा की विभाग द्वारा स्थानीय निवासियों की समस्या का कब तक समाधान होता है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।







