हरदोई: बारिश में किसानों के बीच पहुंचे मंत्री नितिन अग्रवाल, फसल नुकसान पर अफसरों को दिए सख्त निर्देश

उप्र के हरदोई जनपद में लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान और ग्रामीण इलाकों में बने हालात का जायजा लेने आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल बावन ब्लॉक के सकरा और गंगौली जमुनियापुरवा गांव पहुंचे।

हरदोई: बारिश में किसानों के बीच पहुंचे मंत्री नितिन अग्रवाल, फसल नुकसान पर अफसरों को दिए सख्त निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट  

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान और ग्रामीण इलाकों में बने हालात का जायजा लेने आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल बावन ब्लॉक के सकरा और गंगौली जमुनियापुरवा गांव पहुंचे।

मंत्री खुद छाता लेकर बारिश के बीच ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने मंत्री को लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी दी।

इस पर नितिन अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित फसलों का तत्काल जायजा लेने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित जनहानि को लेकर भी सतर्कता बरतने को कहा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को पंचायत भवन या अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। वहीं, कोटेदारों को निर्देश दिए गए कि बारिश के दौरान किसी भी जरूरतमंद को राशन की समस्या न हो।

इस दौरान बावन ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह, सदर एसडीएम मयंक कुंडू, नायब तहसीलदार, लेखपाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और प्रभावित लोगों तक हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।