बलरामपुर: अतिवृष्टि के बाद राहत; डीएम बोले- युद्धस्तर पर पुनर्बहाली का कार्य, जल्द सुचारू की जाएंगी आवश्यक सेवाएं
उप्र के बलरामपुर जनपद के जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद में विगत 48 से 72 घंटों के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के दृष्टिगत कल पूरा जिला प्रशासन फील्ड में रहा।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद में विगत 48 से 72 घंटों के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के दृष्टिगत कल पूरा जिला प्रशासन फील्ड में रहा।
आज लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों की समीक्षा की गई है। अब प्रशासन का पूरा फोकस रेस्टोरेशन वर्क पर है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। सभी टीमें फील्ड में तैनात हैं तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर पुनर्बहाली का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
जनपद में सभी प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारू कर दिया गया है। सड़कों पर हुए गड्ढों की मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। गोंडा से दो अतिरिक्त टीमें भी प्राप्त हुई हैं। अगले 72 घंटों में लगभग सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।
राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें फील्ड में फसलों को हुई क्षति का आकलन कर रही हैं। मृतकों के परिजनों, घायलों एवं मकानों की क्षति के मामलों में नियमानुसार सहायता प्रदान की जा रही है। किसान फसल बीमा के अंतर्गत अपनी फसल के नुकसान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर भी दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि राप्ती नदी के जलस्तर एवं जलप्रवाह की निरंतर निगरानी की जा रही है। कल नदी का जलप्रवाह लगभग 69 हजार क्यूसेक के उच्चतम स्तर पर था, जो सामान्य सीमा में है। वर्तमान में जनपद में बाढ़ की स्थिति नहीं है।
जनपद के कुछ निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है। ऐसे स्थानों पर पंचायती राज विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की टीमें जलनिकासी का कार्य कर रही हैं। नगरीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए जनरेटर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अगले 72 घंटों में अधिकांश पुनर्बहाली कार्य पूर्ण कर सभी आवश्यक सेवाओं को सामान्य करने का लक्ष्य है।



