सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे लुटेरे के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार

उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना कोतवाली देहात पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार,देर रात देवला से सूमली जाने वाली रोड पर सूमली चौराहे के पास निर्माणाधीन हाईवे के नजदीक पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे लुटेरे के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट  

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना कोतवाली देहात पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार,देर रात देवला से सूमली जाने वाली रोड पर सूमली चौराहे के पास निर्माणाधीन हाईवे के नजदीक पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा दिखाई दिया।

पुलिस का कहना है कि टीम को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल से आम के बाग की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान तेज बारिश के कारण कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पूछताछ में घायल आरोपी ने अपने एक साथी के इंतजार करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचे दूसरे संदिग्ध को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ कपिल निवासी लखनौती कलां और मौ. जकी निवासी आली की चुंगी, थाना नकुड़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूटे गए पीली धातु के एक जोड़ी कुंडल और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अर्जुन कोतवाली देहात में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था और उसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।