प्रतापगढ़: कच्चा मकान गिरने से हादसा, मलबे में दबकर 48 वर्षीय महिला की मौत; गांव में पसरा मातम
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के चकोलिया गांव में शनिवार रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर सो रही 48 वर्षीय शकुंतला देवी मलबे में दब गईं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के चकोलिया गांव में शनिवार रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर सो रही 48 वर्षीय शकुंतला देवी मलबे में दब गईं।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
एसडीएम कुंडा अजय यादव और सीओ कुंडा ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही मलबा हटवाकर शकुंतला देवी को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी पंकज राय के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया गया कि शकुंतला देवी की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।
उनके पति श्रीराम सरोज मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं और अपने ननिहाल में रहते हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 15 वर्षीय बेटा आकाश चंडीगढ़ में रहता है।
घटना के बाद गांव व परिवार में मातम पसरा है। एसडीएम अजय यादव ने प्रभावित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।



