करंट लगने से बीएसएफ जवान की मौत, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर बीएसएफ जवान आनंद कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और परिजनों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चन्दौली /जनमत न्यूज। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में घर की साफ-सफाई के दौरान करंट लगने से बीएसएफ जवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करजरा गांव निवासी आनंद कुमार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर बीएसएफ जवान आनंद कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और परिजनों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।
बताया गया कि आनंद कुमार तीन वर्ष पूर्व बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह अपने तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता राम बचन यादव किसान हैं, जबकि माता बिंदु देवी गृहिणी हैं। आनंद कुमार अविवाहित थे।
ग्रामीणों के अनुसार आनंद कुमार मिलनसार और सरल स्वभाव के युवक थे। बीएसएफ में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन उनके असमय निधन से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Janmat News 
