गांव के बाहर दिखा शिकारी जानवर का बच्चा, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी दातादीन और पूर्व प्रधान मनोज कुमार ने सबसे पहले खेतों के पास एक जंगली जानवर के बच्चे को देखा। दोनों का दावा है कि दिखाई देने वाला जानवर चीता का बच्चा था।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई / जनमत न्यूज। जनपद हरदोई के कछौना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब लोनहरा गांव की सरहद पर एक शिकारी जानवर के बच्चे के दिखाई देने का दावा किया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी दातादीन और पूर्व प्रधान मनोज कुमार ने सबसे पहले खेतों के पास एक जंगली जानवर के बच्चे को देखा। दोनों का दावा है कि दिखाई देने वाला जानवर चीता का बच्चा था। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेंज अधिकारी कृष्णा पटेल के नेतृत्व में वन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मिले पैरों के निशानों की सघन जांच शुरू कर दी।
वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दिखाई देने वाला जानवर वास्तव में कौन था। फिलहाल अधिकारी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
एहतियात के तौर पर वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और बच्चों को भी घरों के आसपास ही रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण लगातार वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Janmat News 
