बलरामपुर: लोहिया भवन में आयोजित हुआ पीडीए सम्मेलन, 2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उप्र के बलरामपुर जनपद में कहा कि भाजपा और उसके संगठन समीक्षा करके आरक्षण को खत्म कर रहे हैं यह संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। समाजवादी पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में उतर आई है। इसी क्रम में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उप्र के बलरामपुर जनपद में कहा कि भाजपा और उसके संगठन समीक्षा करके आरक्षण को खत्म कर रहे हैं यह संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि आरक्षण कोई शासन पद्धति नहीं बल्कि गैर बराबरी, सामाजिक असमानता, आर्थिक विषमता है उसे समाप्त करना है जो भारत के संविधान में उल्लिखित है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी में एसआइटी द्वारा चम्पत राय सहित दो लोगों को क्लीन चिट दिए जाने पर कहा कि आज देश की स्थिति यह हो गई है कि चारों ओर महज एक नाटक और दिखावा चल रहा है।
नियम और न्याय व्यवस्था के अनुसार दोषी लोगों को उनके अपराध का कड़ा दंड मिलना ही चाहिए, परंतु सरकार इस मामले में लगातार आना-कानी और टालमटोल करके आम जनता के बीच भारी भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।
एक तरफ जहां सरकार का ध्यान बुनियादी मुद्दों पर बिल्कुल नहीं जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण चीनी के दाम का ₹70 प्रति किलो तक पहुंच जाना है। इस कमरतोड़ महंगाई के कारण देश का आम नागरिक अपनी गरीबी और बेबसी में बुरी तरह परेशान है।
वास्तव में, यह सरकार पूरी तरह से सांप्रदायिक है, जो इन मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज में नफरत पैदा करने की कोशिश कर रही है; परंतु हमें इस नफरत के खिलाफ एकजुट होकर अपने भारत की ऐतिहासिक एकता और अखंडता को पूरी मजबूती के साथ प्रदर्शित करना होगा।"
सीजेपी द्वारा 5 सितम्बर को दिल्ली में मार्च के ऐलान का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार नवजवानों के साथ विश्वासघात कर रही है। नवजवान 16 से 18 घंटे पढ़ाई कर रहे है । उनके साथ विश्वासघात हो रहा है । उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से रोजगार के पक्ष में रही है और नवजवानों के साथ खड़ी है।




