बलरामपुर: CM योगी ने किए मां पाटेश्वरी के दर्शन, स्वस्थ-समृद्ध प्रदेश के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन उप्र के बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन व पूजन-अर्चन किया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन उप्र के बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन व पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री ने मां की आरती उतारी और सुखी, स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। माननीय मुख्यमंत्री जी शनिवार को विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया।
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि व दशहरा के निमित्त मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां आकर मां के चरणों में श्रद्धा निवेदित करते हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी लोग श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री योगी गोशाला भी पहुंचे, जहां उन्होंने गो माता को गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर गो सेवा की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं संतों से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर महंत मिथिलेश नाथ योगी, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, गैंसडी के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू भी उपस्थित रहे।



