बलरामपुर: उतरौला में बारिश व आंधी तूफ़ान ने मचाई तबाही, ई-रिक्शा पर गिरा पेड़; चालक की मौत

उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में तेज बारिश और हवाओं के झोंकों ने कहर बरपाया है। सोमवार दोपहर बदलपुर-धुसवा मार्ग पर फायर स्टेशन के सामने एक ई-रिक्शा पर अचानक पेड़ गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

बलरामपुर: उतरौला में बारिश व आंधी तूफ़ान ने मचाई तबाही, ई-रिक्शा पर गिरा पेड़; चालक की मौत
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में तेज बारिश और हवाओं के झोंकों ने कहर बरपाया है। सोमवार दोपहर बदलपुर-धुसवा मार्ग पर फायर स्टेशन के सामने एक ई-रिक्शा पर अचानक पेड़ गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बढ़या पकड़ी निवासी तुलाराम (32) पुत्र बेकारू के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। तुलाराम ई-रिक्शा लेकर बदलपुर की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच सड़क किनारे लगा विशाल पेड़ अचानक ई-रिक्शा पर आ गिरा। पेड़ के नीचे दबने से तुलाराम की मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बढ़या पकड़ी गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था।

सड़कों पर खतरा बढ़ा

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं से क्षेत्र में दर्जनों पेड़ धराशाई हो चुके हैं। कई जगह बिजली के तार भी टूटे हैं। सड़कों पर गिरे पेड़ों से आवागमन बाधित है और यात्रा करना सुरक्षित नहीं रह गया है।

सूचना पर पहुंची उतरौला कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।