लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बस पोल से टकराकर डंपर में घुसी, दो दर्जन से अधिक घायल
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। जनपद के कोतवाली पलिया क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। पलिया ब्लॉक के सामने खजुरिया से पलिया आ रही तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई, इसके बाद सामने खड़े डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास में बन रहे एक नए मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।
हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसके दोनों पैर टूटने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पलिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है।

Janmat News 
