बहराइच: बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, निकाला फ्लैग मार्च; दिए सख्त निर्देश

उप्र के बहराइच जनपद में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।

बहराइच: बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, निकाला फ्लैग मार्च; दिए सख्त निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।

इसी कड़ी में जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से शहर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च घंटाघर चौकी से शुरू होकर पीपल तिराहा होते हुए ट्रांसफार्मर तिराहा तक निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी नागरिक भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया सहित सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।