अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। Aligarh में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने सोमवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक पर हमलावरों ने घुसकर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। वहीं अस्पताल स्टाफ ने जब हमलावरों का पीछा किया तो आरोपियों ने हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार होने में सफलता हासिल कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान 32 वर्षीय वेदपाल निवासी गांव अहरौला, थाना कोतवाली खेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका मथुरा जिले के गोविंद नगर की एक युवती के साथ पिछले लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। जब युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने 3 फरवरी 2026 को उसकी शादी किसी अन्य युवक से करा दी।
सूत्रों के अनुसार प्रेमिका की शादी की खबर मिलने पर वेदपाल शादी के मंडप में पहुंच गया और वहां हंगामा कर दिया। इस दौरान युवती के परिजनों और भाइयों ने उसकी पिटाई कर दी थी। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और वेदपाल को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। करीब दो सप्ताह जेल में रहने के बाद वह हाल ही में घर लौटा था।
परिजनों के अनुसार वेदपाल के हाथ में गंभीर चोट लगी थी, जिसके इलाज के लिए सोमवार को उसे मैरिस रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने शाम करीब चार बजे उसका ऑपरेशन किया और बाद में उसे वार्ड नंबर 15 में शिफ्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे दो हमलावर अस्पताल के कमरे में घुस गए और वेदपाल के माथे पर सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पास में भर्ती अन्य मरीज ने शोर मचा दिया, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ और डॉक्टर मौके पर पहुंच गए।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Neeraj Jadaun ने बताया कि रात 10 बजकर 05 मिनट पर पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना में युवती के पिता को हिरासत में ले लिया गया है, जो वर्तमान में जनपद बागपत में तैनात बताए जा रहे हैं। वहीं अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती के एक भाई की पहचान भी कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।