बरेली: मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों से भी की अभद्रता
उप्र के बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा के एक युवक द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा के एक युवक द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरा मामला जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र निवासी युवक का है, जिस पर थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री को आपातकालीन सेवा डायल 112 पर कॉल करके जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। बता दें बरेली के थाना भोजीपुरा पुलिस ने मुख्यमंत्री को फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को अनिल कुमार निवासी घंघोरा पिपरिया रोड, मॉडर्न विलेज, थाना भोजीपुरा ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कई बार कॉल कर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना भोजीपुरा में मुकदमा संख्या 587/2026 धारा 351(2), 352 एवं 196 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
मंगलवार को थाना प्रभारी कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुशील कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्य पर माफी मांगते हुए न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी थाना इज्जतनगर और भोजीपुरा में विभिन्न धाराओं के तहत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और जनप्रतिनिधियों को धमकी देने जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


