हरदोई: हत्याकांड का खुलासा, बेटी के साथ अभद्रता से नाराज साली ने घोंटा था बहनोई का गला
उप्र के हरदोई जनपद में युवक की हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की साली गिरफ्तार कर लिया है। युवक की हत्या 22 मार्च को हुई थी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में युवक की हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की साली गिरफ्तार कर लिया है। युवक की हत्या 22 मार्च को हुई थी।
प्राप्त समाचार के अनुसार हरदोई के शाहाबाद थाना क्षेत्र के नगला लोथू गांव निवासी अखिलेश कुमार की 22 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव सहौरा गांव में उनके साढू लालाराम के घर से बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही शाहाबाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मृतक की साली अनारकली को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, अनारकली ने बेटी के साथ अभद्रता से आक्रोशित होकर अपने बहनोई की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि मृतक ने उसकी बेटी के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार करने की कोशिश की थी। इसी बात से गुस्से में आकर उसने बहनोई का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Janmat News 
