बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —
बलरामपुर / जनमत न्यूज। थाना पचपेड़वा क्षेत्र में बलरामपुर पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 गोवंशीय पशु बरामद किए हैं तथा मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन, जो काले तिरपाल से ढकी हुई थी, तुलसीपुर से बढ़नी की ओर जा रही है। वाहन में गोवंशीय पशुओं को तस्करी कर वध के उद्देश्य से बिहार या नेपाल ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुलसीपुर-बढ़नी रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को और तेज गति से भगाते हुए वहां मौजूद आम लोगों, दुकानदारों और पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास कर फरार होने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर नई बाजार चौराहे के पास वाहन को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों मुन्ना कुमार यादव निवासी बेतिया, बिहार तथा कासिम निवासी ठुठीबारी, महराजगंज को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोवंश तस्करी कर बिहार और नेपाल में बेचने के लिए ले जाते थे। इस काम में कुशीनगर निवासी एक व्यक्ति सलमान का नाम भी सामने आया है, जो पशु उपलब्ध कराता था और बिक्री के बाद रकम बांटी जाती थी।
पुलिस ने बरामदगी में 4 गोवंशीय बैल और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।