मैनपुरी के नवीगंज में कानूनगो की दबंगई का वीडियो वायरल, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

उप्र के मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज चौकी इलाके में राजस्व विभाग के एक कानूनगो की कथित दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मैनपुरी के नवीगंज में कानूनगो की दबंगई का वीडियो वायरल, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
Published By- Diwaker Mishra

मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट

मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज चौकी इलाके में राजस्व विभाग के एक कानूनगो की कथित दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में जमीन विवाद की जांच के दौरान कानूनगो द्वारा पीड़िता के दस्तावेज जमीन पर फेंकते हुए देखा जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पीड़िता ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

बताया गया है कि ग्राम नवीगंज निवासी सुखदेवी ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायत के आधार पर जमीन की पैमाइश और जांच के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी।

इस दौरान नवीगंज चौकी इंचार्ज भी मौके पर मौजूद थे। पीड़िता के अनुसार उसने अपने जमीन संबंधी अभिलेख चौकी इंचार्ज को जांच के लिए दिए थे। तभी वहां मौजूद कानूनगो शीशराम वर्मा ने कथित रूप से दस्तावेज छीनकर जमीन पर फेंक दिए।

पीड़िता का आरोप है कि गाटा संख्या 201/0.7810 पर चकरोड और नाली को लेकर विवाद चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि पैमाइश के दौरान कानूनगो ने विपक्षी पक्ष से मिलकर गलत माप की और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया।

घटना के दौरान पीड़ित पक्ष द्वारा वीडियो बनाए जाने पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में पीड़िता हाथ जोड़कर न्याय की मांग करती दिखाई दे रही है, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

पीड़िता सुखदेवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चकरोड और नाली को सुरक्षित कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।