कुशीनगर में स्कूल के पास कूड़ा जलाना पड़ा भारी, बिगड़ी बच्चों की तबियत; इलाज जारी

उप्र के कुशीनगर जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां स्कूल के बाहर जलाए जा रहे कूड़े से उठे धुएं ने बच्चों की सेहत पर गंभीर असर डाला है।

कुशीनगर में स्कूल के पास कूड़ा जलाना पड़ा भारी, बिगड़ी बच्चों की तबियत; इलाज जारी
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां स्कूल के बाहर जलाए जा रहे कूड़े से उठे धुएं ने बच्चों की सेहत पर गंभीर असर डाला है।

बताया जा रहा है कि जनपद के सेवरही थाना क्षेत्र के सिराज नगर वार्ड स्थित ग्रीन लेन इंटरनेशनल स्कूल के पास कूड़ा जलाया जा रहा था। इसी दौरान उठे धुएं ने स्कूल की कक्षाओं को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उनकी हालत बिगड़ गई।

करीब 45 बच्चों को तुरंत सेवरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई बच्चों को कुशीनगर जिला अस्पताल से संबद्ध मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु विशेषज्ञ डॉ. वरुणेश राय के मुताबिक, सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया।

एडीएम वैभव मिश्रा, एसडीएम सदर पडरौना आशुतोष कुमार और सीओ सदर डॉ. अजय सिंह अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। बड़ी बात ये है कि समय रहते इलाज मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।