प्रतापगढ़ में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ और संतुलित जीवन का दिया संदेश

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

प्रतापगढ़ में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ और संतुलित जीवन का दिया संदेश
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया।

शहर के जैव विविधता उद्यान, चिलबिला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चला। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय तथा जनपद के नोडल अधिकारी रमाकांत उपाध्याय (सदस्य, गौ सेवा आश्रम) ने भी योगाभ्यास कर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।नोडल अधिकारी रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित योग कार्यक्रम में विधायक जीत लाल पटेल ने लोगों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और जीवन में अधिक संतुलित बनता है।

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

जनपद भर में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। योग दिवस के अवसर पर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।