तिजोरी का ताला बनाने पहुंचा कारपेंटर निकला चोर, 10 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

चोरी की घटना सामने आने के बाद थाना अजीम नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

तिजोरी का ताला बनाने पहुंचा कारपेंटर निकला चोर, 10 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट —

रामपुर/जनमत न्यूज। थाना अजीम नगर क्षेत्र में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी कारपेंटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद करने का दावा किया है।

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सुमेन्द्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मौसीम पेशे से कारपेंटर है। वह कुछ दिन पहले पीड़ित के घर तिजोरी का ताला बनाने के बहाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने पूरे घर की गतिविधियों और तिजोरी की स्थिति की रेकी कर ली थी। बाद में मौका पाकर आरोपी ने घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली और फरार हो गया।

चोरी की घटना सामने आने के बाद थाना अजीम नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। बरामदगी में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नगदी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के खुलासे में तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। वहीं क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।