औरैया में पुलिस मुठभेड़: शातिर अपराधी मुबारक हुसैन उर्फ राजा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

औरैया में पुलिस मुठभेड़: शातिर अपराधी मुबारक हुसैन उर्फ राजा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अजीतमल, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 को देर रात करीब 01:20 बजे थाना अजीतमल क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 के लिंक रोड पर कस्बा बाबरपुर के ग्राम रसूलपुर के पास संयुक्त पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाबरपुर की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर वह घबरा गया और मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।

भागने के दौरान मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। अपने को घिरता देख मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने संयम और प्रशिक्षण के अनुरूप आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुबारक हुसैन उर्फ राजा (28 वर्ष) पुत्र शादिक हुसैन, निवासी ग्राम इस्लाम नगर बाबरपुर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुबारक हुसैन उर्फ राजा एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना अजीतमल, अछल्दा और बकेवर (इटावा) में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, चोरी एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल 18 मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं।

मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संयुक्त पुलिस टीम द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना अजीतमल ललितेश त्रिपाठी, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल उप निरीक्षक समित चौधरी, उप निरीक्षक उदय प्रकाश तथा उप निरीक्षक जमाल खान सहित संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।