सत्ता का विकेंद्रीकरण कर आम जनता तक पहुंचाना जननीति भारत पार्टी का लक्ष्य : दिव्या मित्तल

उप्र के चन्दौली नगर के एक निजी होटल में गुरुवार को जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव, सत्ता के विकेंद्रीकरण और आम जनता की भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी।

सत्ता का विकेंद्रीकरण कर आम जनता तक पहुंचाना जननीति भारत पार्टी का लक्ष्य : दिव्या मित्तल
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट 

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली नगर के एक निजी होटल में गुरुवार को जननीति भारत पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव, सत्ता के विकेंद्रीकरण और आम जनता की भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी, बल्कि आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। दिव्या मित्तल ने कहा कि वर्तमान राजनीति में केवल चेहरों का बदलाव हो रहा है, व्यवस्था का स्वरूप नहीं बदल रहा है।

उन्होंने कहा जब तक राजनीति में धनबल, बाहुबल, जाति और धर्म का प्रभाव रहेगा, तब तक आम लोगों को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित स्थान नहीं मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि सत्ता और निर्णय लेने का अधिकार कुछ लोगों तक सीमित रखने के बजाय आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है। यही जननीति भारत पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

चुनाव में धनबल और बाहुबल की चुनौती से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह बड़े पूंजीपतियों से चंदा नहीं लेंगी। पार्टी क्राउडफंडिंग के माध्यम से आम लोगों से 10-10 रुपये का सहयोग लेकर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि गलत रास्ते पर चलकर सही मंजिल हासिल नहीं की जा सकती। उन्हें विश्वास है कि जनता के सहयोग और ईमानदार प्रयास से सफलता मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री हैं और बड़े जनादेश के साथ काम कर रहे हैं लेकिन जितना बड़ा जनादेश होता है, जनता के प्रति जवाबदेही भी उतनी ही बड़ी होती है।

उन्होंने सरकार से पिछले 80 वर्षों के कार्यों का हिसाब मांगने की बात कही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सतीश जिंदल, सुशील मित्तल, आत्माराम तुलस्यान, पवन तुलस्यान, नरेंद्र अरोड़ा, शरदचंद मिश्रा, चंद्रमणि और दुर्गेश एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।