हरदोई में रिश्तों का कत्ल, बेटे ने धारदार हथियार से पिता को उतारा मौत के घाट

उप्र के हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के राधानगर मोहल्ले में मंगलवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है।

हरदोई में रिश्तों का कत्ल, बेटे ने धारदार हथियार से पिता को उतारा मौत के घाट
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के राधानगर मोहल्ले में मंगलवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में पत्नी से झगड़ रहे पिता को रोकने पहुंचे इकलौते बेटे ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पिता को मौत के घाट उतार दिया।

वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, राधानगर निवासी 53 वर्षीय रामेंद्र सिंह मंडी में पल्लेदारी करते थे। परिवार में पत्नी अंजू और 28 वर्षीय इकलौता बेटा सत्यम सिंह है। सत्यम बच्चों को डांस सिखाता है बताया जा रहा है कि रामेंद्र शराब पीने के बाद अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट करते थे।पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था।

मंगलवार रात करीब एक बजे रामेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचे और पत्नी अंजू से झगड़ने लगे। विवाद बढ़ता देख बेटा सत्यम बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच भी मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया।

गंभीर चोटों के चलते रामेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि पत्नी अंजू की तहरीर पर आरोपी सत्यम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।