अलीगढ़ में दो महिलाओं व चार नाबालिग बच्चों सहित 12 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, कई दस्तावेज व मोबाइल सिम बरामद
उप्र के अलीगढ़ जनपद पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे 12 बांग्लादेशी मूल के लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी लोगों में दो महिलाएं और चार नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे 12 बांग्लादेशी मूल के लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी लोगों में दो महिलाएं और चार नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, ईपीएफओ कार्ड और कई मोबाइल सिम बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना रोरावर पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने खुद को बांग्लादेश के बादीपुर जिले का निवासी बताया। पुलिस का कहना है कि ये लोग अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर अलीगढ़ के कोतवाली क्षेत्र स्थित हड्डी गोदाम इलाके में रह रहे थे।
जांच के दौरान इनके पास से कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय पते पर बने आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी समेत कई भारतीय दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा बैंक खातों और ईपीएफओ कार्ड से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस को मोबाइल फोन में बांग्लादेश में रह रहे इनके परिजनों से बातचीत और मैसेज के साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में थाना रोरावर में मुकदमा दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस बरामद दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। नगर अधीक्षक आदित्य बंसल ने बताया कि मामले में बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है।



