अयोध्या कचहरी परिसर में मनाया गया संविधान दिवस, अधिवक्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
उप्र के अयोध्या कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने संविधान दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर अधिवक्ता भाइयों एवं संविधान समर्थकों ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने संविधान दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर अधिवक्ता भाइयों एवं संविधान समर्थकों ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान ने सभी जाति, धर्म और समुदाय के लोगों को सम्मान के साथ अपनी जीवन पद्धति के अनुसार जीने की स्वतंत्रता दी है।
ऐसे में संविधान में निहित मूल्यों और अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अधिवक्ताओं ने संकल्प लिया कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था और बाबा साहब के विचारों की रक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
साथ ही संविधान को पूरी तरह लागू कराने और नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।



