पीलीभीत: बिलसंडा में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, आरक्षण के विरोध में निकाली रैली

उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर तहसील के बिलसंडा में बुधवार को सवर्ण समाज के तत्वावधान में आरक्षण व्यवस्था के विरोध में विशाल रैली और शक्ति प्रदर्शन किया गया।

पीलीभीत: बिलसंडा में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, आरक्षण के विरोध में निकाली रैली
Published By- Diwaker Mishra

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट

पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर तहसील के बिलसंडा में बुधवार को सवर्ण समाज के तत्वावधान में आरक्षण व्यवस्था के विरोध में विशाल रैली और शक्ति प्रदर्शन किया गया।

एसएसडी पैलेस के निकट मंडी स्थल घनश्यामपुर से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण हटाओ - देश बचाओ, सवर्ण एकता जिंदाबाद और हम एक हैं जैसे नारे लगाकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी प्रमुख मांगें भी रखीं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था जातिगत न होकर आर्थिक आधार पर होनी चाहिए, ताकि गरीब सवर्ण सहित सभी वर्गों के गरीब लोगों को समान अवसर मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से कई मांगें उठाईं, जिनमें यूजीसी के नए नियमों को वापस लिया जाए, एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर रोक लगे और इसकी समीक्षा हो, आरक्षण का आधार जाति नहीं, आर्थिक स्थिति हो, सभी वर्गों को समान शिक्षा और रोजगार के अवसर दिए जाएं।

रैली के दौरान कुछ युवाओं द्वारा आरक्षण हटाओ, देश बचाओ सहित केंद्र सरकार के विरोध में राजनीतिक नारेबाजी भी की गई। हालांकि आयोजकों ने बताया कि उनका प्रदर्शन किसी दल के विरोध में नहीं, बल्कि अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने बताया कि जल्द ही अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बीसलपुर को सौंपा जाएगा। आयोजकों ने समाज के लोगों से संगठित रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।