चन्दौली: डीडीयू यार्ड में कटा महिला सफाई कर्मी का पैर, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

उप्र के चन्दौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन के यार्ड पोस्ट पर सोमवार को सफाई कर्मी  महिला ट्रेन की चपेट में आ गई।

चन्दौली: डीडीयू यार्ड में कटा महिला सफाई कर्मी का पैर, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन के यार्ड पोस्ट पर सोमवार को सफाई कर्मी  महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में महिला का दाहिना पैर घुटने के नीचे से कट गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल महिला की पहचान पटपरा निवासी 40 वर्षीय कुसुम देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गार्ड रूम में कार्यरत थीं और ड्यूटी के दौरान ही यह घटना हुई।

घटना के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पीपी सेंटर भेजा गया। वहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें राजकीय महिला चिकित्सालय लाया गया।

राजकीय महिला चिकित्सालय में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश अग्रहरि ने बताया कि अस्पताल लाने के समय महिला होश में थीं। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार देकर उनकी स्थिति को स्थिर किया।

हालांकि, घाव की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल कुसुम देवी का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है।