बेला की नूरानी मस्जिद में अकीदत के साथ अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज
मस्जिद परिसर में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में खुशी और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। बेला क्षेत्र स्थित नूरानी मस्जिद में Eid al-Fitr की नमाज बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। सुबह से ही मस्जिद परिसर में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में खुशी और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
नमाज की अगुवाई हाफिज ईशाक खान ने की। उन्होंने अपने संबोधन में लोगों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। साथ ही देश में शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई गई। मौलाना जुबेर ने भी कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिलजुलकर रहने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर अजीज खान, अनवार खान, यूनिस खान, हाजी अली, हीरा अली, मोमिन अली, समीम, तालिब, जीशन अजीम, कल्लू रिजवान, इमरान, शाहरुख, छोटे अली, सोहिल, अमीर, असू समीर, चाँद बाबू, मुकीम और मोनू सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
ईद के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा, थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी तथा एलआईयू कर्मी ओम प्रकाश सहित पुलिस टीम मौजूद रही और लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेती रही।
प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से ईद की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। पूरे कार्यक्रम ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की।

Janmat News 
