मथुरा में गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली मारकर 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार

उप्र के मथुरा जनपद में गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ होने की खबर हैं। यहां के कोसीकलां थाना पुलिस ने गौशाला से गौवंश ले जाने वाले 2 शातिर बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।

मथुरा में गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली मारकर 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट

मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद में गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ होने की खबर हैं। यहां के कोसीकलां थाना पुलिस ने गौशाला से गौवंश ले जाने वाले 2 शातिर बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। 

जानकारी के अनुसार ग्राम ऐंच में शासन द्वारा संचालित अस्थाई गौशाला में मौजूद कर्मचारी के साथ मारपीट कर बदमाश गौवंशों को ले जा रहे थे। इस मामले में थाना कोसीकलां में मुकदमा 508/2026 धारा 309(4) बीएनएस दर्ज किया गया था। 

मुखबिर की सूचना पर 29 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे कोसीकलां पुलिस ने नाले पर बने कूड़ेदान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से 2 बदमाश घायल हो गए। इस दौरान आरक्षी 1670 सोनू भी गोली लगने से घायल हुए। 

मुठभेड़ में राजू पुत्र जसौंदी निवासी मीरपुर, बुलंदशहर और एहसान पुत्र नवाब निवासी बिछवां, मैनपुरी को गिरफ्तार किया गया है। एक बदमाश मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 2 तमंचा .315 बोर, 6 जिंदा और 4 खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक, 2 रस्से और 9 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।गिरफ्तार राजू के खिलाफ गौवध, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के 5 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं एहसान पर भी गौवध और हत्या के प्रयास समेत 3 मुकदमे हैं।

पुलिस दोनों से पूछताछ कर फरार साथी और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल सिपाही और दोनों बदमाशों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।