बहराइच में सामने आया ‘लुटेरी दुल्हन’ का मामला, शादी के तीन दिन बाद जेवरात और नकदी लेकर फरार

उप्र के बहराइच जनपद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने थाना समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों और लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।

बहराइच में सामने आया ‘लुटेरी दुल्हन’ का मामला, शादी के तीन दिन बाद जेवरात और नकदी लेकर फरार
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने थाना समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों और लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।

शादी के महज तीन दिन बाद दुल्हन द्वारा पति को कथित रूप से नींद की गोली खिलाकर घर से जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।

जनपद बहराइच के थाना पयागपुर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान विभिन्न मामलों की सुनवाई की जा रही थी। इसी बीच एक पीड़ित युवक अपनी फरियाद लेकर तहसीलदार अंबिका प्रसाद चौधरी और थाना प्रभारी दीपक सिंह के सामने पहुंचा।

पीड़ित जीवन लाल यादव, निवासी काली दुबे पुरवा, फरदा सुमेरपुर, थाना पयागपुर ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 19 जून को राजेश यादव नामक बिचौलिए ने एक लाख रुपये लेकर माता मंदिर, बहराइच में रीति-रिवाज के साथ कराई थी।

पीड़ित का आरोप है कि शादी के केवल तीन दिन बाद, 24 जून की रात उसकी पत्नी ने उसे कथित रूप से नींद की गोली खिलाई और घर में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई।

पीड़ित ने बताया कि काफी तलाश के बावजूद पत्नी का कोई पता नहीं चल सका। जब उसने शादी कराने वाले बिचौलिए राजेश से संपर्क किया तो उसने कथित तौर पर किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।

मामले को गंभीरता से सुनते हुए तहसीलदार अंबिका प्रसाद चौधरी और थाना प्रभारी दीपक सिंह ने पीड़ित को उचित कार्रवाई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।