चंदौली: आवासीय कोचिंग सेंटर पर गंभीर आरोप, 13 वर्षीय छात्र की पिटाई; रात में ही भाग गया बच्चा
उप्र के चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में संचालित एक आवासीय कोचिंग सेंटर पर 13 वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में संचालित एक आवासीय कोचिंग सेंटर पर 13 वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है।
आरोप है कि पिटाई से डरे छात्र ने गुरुवार देर रात करीब 1 बजे कोचिंग सेंटर से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र कृष्ण कमल, गाजीपुर जिले के अंधऊ गांव का निवासी है और धानापुर स्थित सोफियान इंस्टीट्यूट नामक आवासीय कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे ने अपने माता-पिता से बात करने की इच्छा जताई थी, जिस पर कोचिंग संचालक नाराज हो गया और उसे लगातार तीन दिनों तक पीटा गया।
बताया जा रहा है कि पिटाई से डरा सहमा छात्र गुरुवार रात कोचिंग सेंटर से निकलकर भाग गया। रास्ते में नरौली गांव के पास कुछ राहगीरों ने उसे रोते हुए देखा और रोककर जानकारी ली। बच्चे की हालत देखकर उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी।
छात्र की मां अभिलाषा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। खासकर पीठ और जांघों पर चोटें दिखाई दे रही हैं।
उनका कहना है कि बच्चा ठीक से बैठ नहीं पा रहा और चलने में भी परेशानी महसूस कर रहा है। परिवार का सवाल है कि यदि बच्चे से कोई गलती हुई थी तो उसकी सूचना अभिभावकों को दी जानी चाहिए थी, न कि उसके साथ हिंसक व्यवहार किया जाता।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है, जिसमें बच्चे के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे संस्थानों की निगरानी बढ़ाई जाए और दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएं।

Janmat News 
