फतेहपुर: लेखपाल सुसाइड मामले में नया मोड़, कानूनगो व एक अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज; परिवार असंतुष्ट

उप्र के फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा में शादी से ठीक एक दिन पहले लेखपाल के आत्महत्या का मामला गंभीर मोड़ लेता जा रहा है।

फतेहपुर: लेखपाल सुसाइड मामले में नया मोड़, कानूनगो व एक अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज; परिवार असंतुष्ट
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा में शादी से ठीक एक दिन पहले लेखपाल के आत्महत्या का मामला गंभीर मोड़ लेता जा रहा है। जहां एक ओर, करीब 30 घंटे के बाद घर के अंदर फंदे से लटकते मिले लेखपाल सुधीर के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम हेतु उठाया, वहीं परिवार की तहरीर पर पुलिस ने कानूनगो शिवराम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR दर्ज कर ली है।

जानकारी के मुताबिक लेखपाल सुधीर की आज शादी होनी थी, लेकिन उससे ठीक पहले उसने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों के अनुसार मृतक की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में ड्यूटी लगी थी, जहां उस पर अनावश्यक दबाव डाले जाने का आरोप परिवार ने लगाया है।

मृतक की बहन ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि वह दर्ज हुई रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। सिर्फ कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई, एसडीएम के खिलाफ नहीं। कह रहे हैं एसडीएम के खिलाफ FIR करना आसान नहीं है. मुवाअजा भी बहुत कम (सिर्फ 8 लाख रूपए) दे रहे हैं।