मोबाइल नेटवर्क न मिलने से युवक टावर पर चढ़ा, दो घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

युवक लगातार चिल्लाकर कहता रहा कि गांव में नेटवर्क न होने से ऑनलाइन फॉर्म भरने, जरूरी कॉल करने और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

मोबाइल नेटवर्क न मिलने से युवक टावर पर चढ़ा, दो घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट — 

कन्नौज / जनमत न्यूज। जिले के तालग्राम क्षेत्र के सलेमपुर गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के समझाने पर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

जानकारी के अनुसार सलेमपुर गांव निवासी आकाश शाक्य, पिता देवीदयाल, गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से काफी परेशान था। बताया जा रहा है कि गांव में लंबे समय से नेटवर्क व्यवस्था बदहाल है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आकाश बुधवार शाम चुपचाप घर से निकला और सीधे एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा। युवक का कहना था कि चार दिन पहले भी वह इसी समस्या को लेकर टावर पर चढ़ा था, तब अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

युवक लगातार चिल्लाकर कहता रहा कि गांव में नेटवर्क न होने से ऑनलाइन फॉर्म भरने, जरूरी कॉल करने और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में लोगों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का भी कहना है कि नेटवर्क समस्या के कारण गांव के छात्र, किसान और आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और डिजिटल सुविधाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।