संभल में खाने के पैसे मांगने पर होटल संचालक पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई घटना

उप्र के संभल जनपद में खाने के पैसे मांगने पर बाइक सवार दो युवकों ने होटल संचालक पर फायरिंग कर दी। दोनों आरोपी खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए होटल से जाने लगे थे।

संभल में खाने के पैसे मांगने पर होटल संचालक पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई घटना
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट  

संभल/जनमत न्यूज़। ​उप्र के संभल जनपद में खाने के पैसे मांगने पर बाइक सवार दो युवकों ने होटल संचालक पर फायरिंग कर दी। दोनों आरोपी खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए होटल से जाने लगे थे।

होटल संचालक ने जब खाने के पैसे मांगे तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद होटल से कुछ दूरी पर बाइक रोककर पीछे बैठे युवक ने तमंचे से होटल संचालक पर फायरिंग कर दी।

गोली होटल के सामने वाले कमरे की दीवार में जा लगी। घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। होटल संचालक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पूरा मामला संभल के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में सजना मुस्लिम गांव के पास स्थित शिवगंगा होटल का है। घटना 17 अगस्त की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

होटल संचालक दिनेश कुमार के मुताबिक, वह होटल के काउंटर पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक होटल पर पहुंचे और खाना खाया। खाना खाने के बाद दोनों युवक बिना पैसे दिए जाने लगे। दिनेश कुमार ने जब खाने के पैसे मांगे तो एक युवक ने उन्हें धमकी दी।

आरोप है कि होटल से जाते समय दोनों युवकों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद दोनों युवक होटल से कुछ दूरी पर पहुंचे और अचानक बाइक रोक दी।

बाइक पर पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर होटल संचालक की तरफ जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।गोली होटल के सामने बने कमरे की दीवार में जा लगी। इस दौरान होटल संचालक और कर्मचारी बाल-बाल बच गए।

फायरिंग के बाद होटल के कर्मचारी आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए। होटल संचालक का आरोप है कि भागते समय आरोपियों ने दो हवाई फायर भी किए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। होटल में लगे CCTV कैमरे में फायरिंग की पूरी घटना कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

होटल संचालक दिनेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उनका आरोप है कि खाने के पैसे मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। गोली दीवार में जा लगी।

होटल संचालक के मुताबिक, आरोपियों ने तमंचे से तीन राउंड फायर किए, जिसकी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।