हरदोई GRP बनेगा छोटे रेलवे स्टेशनों का पहला 'ISO सर्टिफाइड' थाना, DIG रेलवे ने परखीं व्यवस्थाएं

हरदोई जीआरपी थाना प्रदेश के छोटे स्टेशनों में पहला ISO सर्टिफाइड थाना बनने की राह पर है।

हरदोई GRP बनेगा छोटे रेलवे स्टेशनों का पहला 'ISO सर्टिफाइड' थाना, DIG रेलवे ने परखीं व्यवस्थाएं
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) में जल्द ही हरदोई का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। हरदोई जीआरपी थाना प्रदेश के छोटे स्टेशनों में पहला ISO सर्टिफाइड थाना बनने की राह पर है। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए विभाग ने कवायद तेज कर दी है।इसी सिलसिले में आज डीआईजी रेलवे सुधा सिंह ने SP GRP रोहित मिश्रा के साथ थाने का औचक निरीक्षण किया।

DIG सुधा सिंह ने थाने के ISO सर्टिफिकेशन के आवेदन के मद्देनजर वहां की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उन कमियों को चिन्हित करना था,जिन्हें सर्टिफिकेशन मिलने से पहले सुधारा जाना जरूरी है।उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को परखा और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी सुधा सिंह ने बताया कि सर्टिफिकेशन के बाद थाने का पूरा माहौल बदल जाएगा, गुणवत्तायुक्त परिसर,थाने का इंफ्रास्ट्रक्चर और परिसर उच्च गुणवत्ता वाला होगा।फाइलों और केस डायरी का रखरखाव हाई-टेक और व्यवस्थित तरीके से होगा।महिलाओं की सुरक्षा और सुनवाई के लिए विशेष और प्रभावी डेस्क होगी।

फरियादियों और आम पब्लिक के बैठने के लिए उचित व्यवस्था होगी,जिससे उन्हें अपनी बात कहने में झिझक न हो।अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से न केवल GRP के जवानों का मनोबल बढ़ेगा,बल्कि आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास भी गहरा होगा। यात्रियों को बेहतर सुरक्षा और सुविधा का एहसास होगा। हरदोई जैसे छोटे स्टेशन के थाने का इस स्तर पर अपग्रेड होना पूरे प्रदेश के लिए एक नजीर बनेगा।