अलीगढ़: किसान युवक की हत्या के बाद हंगामा, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम; मौके पर भारी पुलिस बल

उप्र के अलीगढ़ जनपद में खेत पर रखवाली कर रहे किसान युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या के बाद हंगामा मच गया है।

अलीगढ़: किसान युवक की हत्या के बाद हंगामा, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम; मौके पर भारी पुलिस बल
Published By- Diwaker Mishra

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट

अलीगढ़/जनमत न्यूज। उप्र के अलीगढ़ जनपद में खेत पर रखवाली कर रहे किसान युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या के बाद हंगामा मच गया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव रोड पर रखकर जाम लगा दिया जिससे इलाके के सभी संपर्क मार्ग जाम के कारण बाधित हो गए। घटना जनपद के गभाना थाना इलाके के गाँव घौरौठ की है।

परिजनों का कहना है कि जब तक हत्या की वज़ह और हत्यारों का पता नहीं चलता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। किसान युवक की हत्या के बाद परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश पनपा हुआ है।  सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल के साथ आलाधिकारी पहुँचे। पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी गभाना धनंजय सिंह ने बताया कि थाना गभाना क्षेत्र में दिनांक 15.02.26 को शाम करीब 5.45 बजे ग्राम घरोठ से एक व्यक्ति का शव खेतों में चारपाई पर मिलने की सूचना पुलिस कों प्राप्त हुई। इस सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया।

स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वाड व फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किये गये। शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।