हाथरस: सलेमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत
उप्र के हाथरस जनपद के हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के सलेमपुर में मथुरा-बरेली राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद के हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के सलेमपुर में मथुरा-बरेली राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से तेज गति से आ रहे केमिकल के ड्रमों से भरे ट्रक ने बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे हाईवे पर केमिकल से भरे ड्रम फैल गए। मृतक की पहचान वृंदावन निवासी बांके बिहारी शर्मा पुत्र मंगतू राम शर्मा के रूप में हुई है।
बताया गया है कि बांके बिहारी शर्मा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्य करते थे। वह हसायन थाना क्षेत्र के रति का नगला में डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालकों से संपर्क करने के बाद बाइक से वापस वृंदावन लौट रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर के पास पीछे से आ रहे केमिकल से भरे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बांके बिहारी शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया और उसमें लदे केमिकल के ड्रम हाईवे पर फैल गए। केमिकल सड़क पर फैलने से मौके पर स्थिति संवेदनशील हो गई और आसपास से गुजरने वाले लोगों में भी हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कराया। किसी तरह की आपात स्थिति से निपटने और संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने व्यवस्था बनाकर नियंत्रित किया।







