उरई के रजिस्ट्रार कार्यालय में सुनवाई अधूरी, DIOS करा रहे डॉ. अम्बेडकर इंटर कॉलेज का अवैध चुनाव
उप्र के उरई के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) द्वारा डॉ. अम्बेडकर इंटर कॉलेज, जालौन में प्रबंध समिति के कथित अवैधानिक चुनाव कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई (जालौन)/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) द्वारा डॉ. अम्बेडकर इंटर कॉलेज, जालौन में प्रबंध समिति के कथित अवैधानिक चुनाव कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पूर्व प्रबंधक एवं संस्था की साधारण सभा की आजीवन सदस्य सीमा सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि DIOS कूटरचित साधारण सभा सूची के आधार पर चुनाव करा रहे हैं, जबकि यह मामला रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी, झांसी के यहाँ लंबित है।
सीमा सिंह ने बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2026 को रजिस्ट्रार कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी, जिस पर 8 अप्रैल 2026 को सुनवाई हुई। सुनवाई पूर्ण न होने के कारण रजिस्ट्रार ने अगली तारीख 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की है।
इसके बावजूद विपक्षी पक्ष– प्रधानाचार्य राजेश कुमार, प्रबंधक सुरेश चंद्र त्रिवेदी, अध्यक्ष काशीप्रसाद जाटव, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जाटव व अन्य ने DIOS से मिलीभगत कर कूटरचित सूची से एक सप्ताह के भीतर अवैध चुनाव कराने की साजिश रची है।
प्रार्थिनी का कहना है कि वर्ष 2018-19 में प्रबंधक द्वारा रजिस्ट्रार कार्यालय में जो पंजीकृत साधारण सभा सूची है, उससे चुनाव कराए जाएं, न कि विवादित सूची से। उन्होंने जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि रजिस्ट्रार के यहाँ सुनवाई पूर्ण होने तक डीआईओएस द्वारा कराए जा रहे अवैध प्रबंध समिति चुनाव पर रोक लगाई जाए।
स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर रोष है। उनका कहना है कि जब एक नियामक प्राधिकरण (रजिस्ट्रार) के यहाँ मामला विचाराधीन है, तो DIOS को चुनाव कराने की जल्दी क्यों है?
इससे शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रार्थिनी ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Janmat News 
