मुजफ्फरनगर: जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और गुणवत्ता पर डीएम सख्त, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में 25 नवंबर 2026 को विकास भवन सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मुजफ्फरनगर: जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और गुणवत्ता पर डीएम सख्त, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में 25 नवंबर 2026 को विकास भवन सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के अंतर्गत जनपद में संचालित पेयजल परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी फर्म एनकेजी (NKG) को निर्देशित किया कि परियोजनाओं से जुड़ी सभी लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। इसलिए संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए योजना को सफल बनाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी, जल निगम के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता, कार्यदायी फर्मों के प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (DPMU) तथा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (TPI) एजेंसी के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।