'रोना आ जाता है...', धर्मेंद्र के जाने का गम नहीं भुला पा रही हैं हेमा मालिनी; हर मिनट आती है याद

बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं। 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में अभिनेता का निधन हो गया था।

'रोना आ जाता है...', धर्मेंद्र के जाने का गम नहीं भुला पा रही हैं हेमा मालिनी; हर मिनट आती है याद
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं। 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में अभिनेता का निधन हो गया था। अभिनेता के निधन से उनके परिवार को बड़ा झटका लगा था और इस दर्द पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी हेमा मालिनी के लिए भी यह बहुत मुश्किल समय है। उन्हें हर मिनट अपने पति की याद आ रही है। एक हालिया इंटरव्यू में अभिनेत्री ने रिवील किया कि धर्मेंद्र के आखिरी पल कितने तकलीफ भरे रहे थे।

धर्मेंद्र के आखिरी पल थे तकलीफ से भरे

एक बातचीत में हेमा मालिनी ने बताया कि वह पति के निधन से सदमे में थीं। उन्होंने कहा, "यह एक ऐसा सदमा था जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता था। यह बहुत बुरा था। एक महीने तक हम संघर्ष कर रहे थे क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। अस्पताल में जो कुछ भी हो रहा था, हम उससे निपटने की कोशिश कर रहे थे।

हम सब वहीं थे- मैं, ईशा, अहाना, सनी, बॉबी सब साथ में। पहले भी ऐसे मौके आए थे जब वह अस्पताल गए और ठीक होकर घर वापस आ गए। हमें लगा कि इस बार भी आ जाएंगे।"

धर्मेंद्र के बर्थडे सेलिब्रेशन की हो रही थी तैयारी

निधन के करीब 11 दिन बाद धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन था जिसकी तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। इस बारे में हेमा मालिनी ने कहा, "वह हमसे बहुत अच्छे से बात कर रहे थे। मेरे जन्मदिन (16 अक्टूबर) पर उन्होंने मुझे विश भी किया।

उनका जन्मदिन 8 दिसंबर को आने वाला था। वह 90 साल के होने वाले थे। हम इसे अच्छे से मनाने की सोच रहे थे। तैयारियां चल रही थीं और फिर अचानक वह नहीं रहे। उन्हें इस तरह से जाते हुए देखना बहुत मुश्किल था। किसी को भी ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए।"

हेमा को पल-पल आती है धर्मेंद्र की याद

हेमा मालिनी ने बताया कि वह हर दिन, हर मिनट अपने पति धर्मेंद्र को याद करती हैं। उन्होंने कहा, "आज सुबह थेपला बनाया था जो उन्हें चटनी के साथ बहुत पसंद है। उन्हें हमारे घर में इडली सांभर और कॉफी बहुत पसंद थी।

जब भी यह चीजें घर पर बनती हैं, हम उन्हें बहुत याद करते हैं। हमारे लिए उन्हें अपने दिलों और यादों में जिंदा रखना जरूरी है। हमारे पास उनके साथ के बहुत सारे वीडियो हैं, उन्हें देखकर तो रोना आ जाता है।"