मुस्ताफिजुर के बैन के बाद गहराया ड्रामा, बांग्लादेश सरकार ने IPL प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध

भारत और बांग्लादेश में क्रिकेट पर टकराव बढ़ता जा रहा है। टीम के पेसर मुस्ताफिजुर रहमान के बैन होने के बाद अब बांग्लादेश सरकार ने IPL 2026 प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया है।

मुस्ताफिजुर के बैन के बाद गहराया ड्रामा, बांग्लादेश सरकार ने IPL प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारत और बांग्लादेश में क्रिकेट पर टकराव बढ़ता जा रहा है। टीम के पेसर मुस्ताफिजुर रहमान के बैन होने के बाद अब बांग्लादेश सरकार ने IPL 2026 प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया है।  IPL 2026के मैच अब बांग्लादेश में नहीं दिखाई जाएंगे।

बांग्लादेश के सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने आज सोमवार 5 जनवरी को इसे लेकर सभी स्थानीय टीवी चैनलों को एक पत्र भेजा है, जिसमें आईपीएल के टेलीकास्ट पर प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी दी गई है। बता दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बर्बर हिंसा के चलते भारत में मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम में शामिल करने का विरोध हो रहा था।

इस विरोध को उग्र रूप लेता देखकर बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का आदेश कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम को दिया था, जिसने रहमान को आईपीएल ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। केकेआर ने बीसीसीआई के आदेश के बाद रहमान को रिलीज करने की जानकारी दी थी।

क्या कहा है बैन लगाने वाले पत्र में बांग्लादेश सरकार ने

बांग्लादेशी न्यूजपेपर फाइनेंशियल एक्सप्रेस के मुताबिक, बांग्लादेश के सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने अपने देश के सभी टीवी चैनलों को पत्र भेजा है। इस पत्र में कहा गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( BCCI ) के बांग्लादेशी स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स से हटाए जाने के फैसले का संज्ञान लिया गया है।

इस फैसले का कोई वाजिब कारण नहीं बताया गया है और इससे बांग्लादेश के लोगों की भावनाओं को बड़ी ठेस पहुंची है। इन हालात को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय टीवी चैनलों को आईपीएल मैचों और उनसे जुड़े कार्यक्रमों का टेलीकास्ट व ब्रॉडकास्ट अगले नोटिस तक रोकने का निर्देश दे रहा है।

बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने की दी है धमकी

बांग्लादेश में मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने को लेकर बेहद तीखी प्रतिक्रिया हुई है। बांग्लादेश सरकार ने इसकी आलोचना की थी। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी इस फैसले का विरोध किया था। साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में खेलने के लिए भारत में टीम नहीं भेजने का भी ऐलान कर दिया था।

बीसीबी ने भारत में अपनी टीम की सुरक्षा को खतरा बताया था और इसके लिए मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को हटाए जाने के कारणों को आधार बनाया था। बीसीबी ने अपनी टीम के मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग करते हुए आईसीसी को भी पत्र लिखा है।

भारत में भी कई लोगों ने की थी बीसीसीआई की आलोचना

भारत में भी कई लोगों ने मुस्तफिजुर रहमान को हटाए जाने के फैसले पर बीसीसीआई की आलोचना की थी। कांग्रेस सांसद व क्रिकेट के गहन जानकार शशि थरूर ने इसे गलत कदम बताया था। उन्होंने सवाल भी उठाया था कि यदि मुस्तफिजुर की जगह बांग्लादेश का कोई हिंदू क्रिकेटर होता तो बीसीसीआई क्या फैसला लेता? कई अन्य लोगों ने भी इसे लेकर सवाल उठाए हैं।