शादी का झांसा देकर 8 साल तक शोषण का आरोप, आरोपी विदेश फरार, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

एसएसपी कार्यालय में पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई कि फरार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए।

शादी का झांसा देकर 8 साल तक शोषण का आरोप, आरोपी विदेश फरार, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक पीड़िता ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शोषण किए जाने का आरोप लगाया है। न्याय की उम्मीद लेकर पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरे प्रकरण से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

पीड़िता के अनुसार आरोपी सारिक आलम पुत्र इस्तर, निवासी खुद्दा, थाना छपार, बीते करीब आठ वर्षों से उसे शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। मामला सामने आने के बाद आरोपी देश छोड़कर विदेश फरार हो गया।

पीड़िता ने बताया कि उसने थाना छपार में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत किया है। बावजूद इसके, काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे उसे न्याय मिलता नजर नहीं आ रहा है।

एसएसपी कार्यालय में पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई कि फरार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए। पीड़िता ने यह भी कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने से वह मानसिक तनाव और असुरक्षा की भावना से गुजर रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब न्याय मिल पाता है।