बरेली में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, दो नामजद सहित 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

उप्र के बरेली जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के देश विरोधी नारे लगाए जाने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी कैमरे में  घटना कैद हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो  रहा है।

बरेली में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, दो नामजद सहित 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के देश विरोधी नारे लगाए जाने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी कैमरे में  घटना कैद हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो  रहा है।

इस संबंध में एक स्थानीय युवक की शिकायत पर दो नामजद सहित 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ देशद्रोह और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता विकास पुत्र स्वर्गीय कैलाश, जो सदर बाजार के निवासी हैं, ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह सदर बाजार में एक कैफे पर ऑनलाइन काम के लिए खड़े थे।

इसी दौरान मदारी की पुलिया की ओर से चार-पांच मोटरसाइकिलों पर लगभग 10 लड़के क्रिकेट खेलकर आ रहे थे। उनके पास क्रिकेट बैट भी थे।विकास के अनुसार, गली से गुजरते समय ये सभी लड़के 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे।

जब विकास ने इसका विरोध किया और उन्हें मना किया, तो लड़कों ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

विकास ने अपनी शिकायत में इमरान पुत्र अशफाक (निवासी सदर बाजार, कृष्णा डेयरी के सामने) और काशिफ (निवासी सदर बाजार) को नामजद किया है। विकास ने बताया कि ये दोनों लड़के समूह का नेतृत्व कर रहे थे। पीड़ित ने कैंट थाने में संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर ने बताया कि वायरल वीडियो में "हमारा नेता कैसा हो, काशिफ भाई जैसा हो। पाकिस्तान जिंदाबाद" के नारे लगाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अब तक सात लोगों की पहचान कर ली है।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों के घरों और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।