चन्दौली: खुशबू किन्नर के साथी घूम रहे बाहर, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस नही डाल रही हाथ

उप्र के चन्दौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी अभिषेक सिंह टिंकू ने खुशबू किन्नर ब्लास्ट मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं।

चन्दौली: खुशबू किन्नर के साथी घूम रहे बाहर, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस नही डाल रही हाथ
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी अभिषेक सिंह टिंकू ने खुशबू किन्नर ब्लास्ट मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं।

उनका कहना है कि इस मामले में उन्हें और उनके परिवार को झूठा फंसाया गया था, जबकि असली आरोपी धीरेंद्र सिंह अंकित और बाबूलाल विश्वकर्मा अभी भी खुले घूम रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

यह मामला पिछले साल दिसंबर का है, जब खुशबू किन्नर के घर धमाका हुआ था। उस समय खुशबू ने सराय गांव के पांच लोगों, जिनमें अभिषेक सिंह टिंकू, उनके पिता मनोज सिंह, विकास सिंह, उनके साले मनीष सिंह और छोटे भाई विशाल सिंह शामिल थे, पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

बाद में विकास सिंह की मां कृष्णावती सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जौनपुर पुलिस को जांच सौंपी गई। विकास के अनुसार, जांच में सभी आरोप फर्जी पाए गए और सभी निर्दोष लोग रिहा हो गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बम ब्लास्ट की साजिश रचकर फंसाया गया था। जांच के बाद खुशबू किन्नर, धीरेंद्र सिंह अंकित और बाबूलाल विश्वकर्मा पर मुकदमा दर्ज हुआ। खुशबू किन्नर फिलहाल जेल में है, लेकिन धीरेंद्र सिंह अंकित और बाबूलाल विश्वकर्मा अभी भी बाहर घूम रहे हैं।

पीड़ितों का कहना है कि इन पर इनाम घोषित करना तो दूर, इनकी गिरफ्तारी तक नहीं हुई है।इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को केवल हटाया गया, जबकि मुख्यमंत्री ने उन्हें निलंबित करने का निर्देश दिया था।

आरोप है कि चंदौली पुलिस मुख्यमंत्री के आदेश की भी अनदेखी कर रही है। बलुआ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि थाना प्रभारी अरुण सिंह को यह भी नहीं पता कि आरोपियों पर कौन सी धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि वह विवेचक से धाराओं के बारे में पता करेंगे। वहीं, सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में सख्त और ठोस कार्रवाई करेंगे।