मुजफ्फरनगर: कोविड काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की दोबारा नियुक्ति का मामला, डीएम से लगाई गुहार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों ने एक बार फिर से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग उठाई है।

मुजफ्फरनगर: कोविड काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की दोबारा नियुक्ति का मामला, डीएम से लगाई गुहार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों ने एक बार फिर से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग उठाई है।

इस संबंध में जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर के समस्त कोविड स्टाफ की ओर से जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि कोविड-19 के दौरान ईसीआरपी-1 के अंतर्गत कार्य करने वाले लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, कंप्यूटर ऑपरेटर, आयुष डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारियों को दोबारा कार्य पर लेने के संबंध में शासनादेश संख्या 1271/पांच-9-2026, दिनांक 12 अगस्त 2026 जारी किया गया था।

कर्मचारियों का कहना है कि शासनादेश के अनुसार प्रदेश के कई जनपदों में आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रार्थना पत्र में सुल्तानपुर जनपद में नियुक्तियां किए जाने तथा मेरठ और हापुड़ में दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सूची शासन को भेजे जाने का उल्लेख किया गया है।

वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि मुजफ्फरनगर जनपद में अभी तक इस संबंध में कोई ठोस प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जनपद में भी पैनल बैठक आयोजित कर नियुक्ति से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि शासन स्तर से आगे की कार्रवाई हो सके।

कोविड स्टाफ ने जिलाधिकारी से इस मामले में हस्तक्षेप कर शासनादेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने और कर्मचारियों की मांग पर आवश्यक कार्रवाई कराने की अपील की है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और कोविड काल में सेवाएं देने वाले इन कर्मचारियों को दोबारा नियुक्ति की प्रक्रिया में कब तक राहत मिलती है।