बरेली में अवैध शस्त्र फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, चार आरोपी गिरफ्तार; निकला पाकिस्तान कनेक्शन
उप्र के बरेली जनपद की एसओजी (SOG) और थाना बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद की एसओजी (SOG) और थाना बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त गणों में पुलिस ने मौके से चार आरोपियों-सुखराज सिंह, शानू मियाँ, जीवनदीप सिंह और जसनूर सिंह को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी गुरसेवक और अनस फरार हैं।
पुलिस को छापेमारी के दौरान इनसे 315-बोर की देसी बंदूक, 9-mm की पिस्टल, 315-बोर की राइफल, जिंदा कारतूस, दो अधूरे 12-बोर के बैरल, वाइस मशीन (Vise machine) और शस्त्र बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पाक कनेक्शन और लिंक
पूछताछ में सामने आया है कि इनमें से एक आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर 'अजमल गुर्जर' के संपर्क में था और हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत करता था।
इसके अलावा इन्होंने इशरत पहलवान (जो पहले भी आर्म्स स्मगलिंग के मामले में जेल जा चुका है) से हथियार प्राप्त किए थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी गई है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।



