संभल में 25 साल बाद तालाब की जमीन कब्जा मुक्त, 450 वर्ग मीटर भूमि पर चला बुलडोजर
उप्र के संभल जनपद में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरादाबाद रोड स्थित बेगमपुर गांव में करीब 25 साल से कब्जे में बताई जा रही तालाब की 450 वर्ग मीटर भूमि को खाली कराया गया है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरादाबाद रोड स्थित बेगमपुर गांव में करीब 25 साल से कब्जे में बताई जा रही तालाब की 450 वर्ग मीटर भूमि को खाली कराया गया है।
आज तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह राजस्व टीम और तीन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, प्रशासन ने दो बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
वहीं कार्रवाई का विरोध करने पर एक महिला समेत दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, कब्जा मुक्त कराई जा रही जमीन की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूरा मामला संभल कोतवाली क्षेत्र से करीब ढाई किलोमीटर दूर बेगमपुर गांव का है, यहां गाटा संख्या 523 में दर्ज तालाब की करीब 450 वर्ग मीटर भूमि पर लंबे समय से कब्जा होने की बात सामने आई थी।
एसडीएम न्यायालय से बेदखली के आदेश जारी होने के बद प्रशासन की टीम जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंची। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, महिला थाना प्रभारी मंजू देवी और हयातनगर थाने की पुलिस मौजूद रही।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिनमें 18 महिला कांस्टेबल और पीएसी के जवान भी शामिल रहे।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान जमीन पर कब्जा करने वाले बताए जा रहे एक ग्रामीण दंपति ने विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने महिला और पुरुष, दोनों को हिरासत में ले लिया, राजस्व अभिलेखों के आधार पर गाटा संख्या 523 की यह भूमि तालाब के रूप में दर्ज है।
गांव फिरोजपुर, थाना हजरतनगर गढ़ी और तहसील संभल के निवासी श्रीराम के पुत्र रामचंद्र के परिवार से जुड़े राकेश, नरेश, धर्मपाल, योगेश, रामेश्वर, वीरपाल, राजेंद्र और गोपाल के नाम इस जमीन पर लंबे समय से कब्जे के संदर्भ में सामने आए हैं। प्रशासन के अनुसार, करीब 25 साल से भूमि पर कब्जा था।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने जिले के सभी तालाबों को कब्जा मुक्त कराने और उनके सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने के निर्देश संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को दिए हैं। इसी अभियान के तहत बेगमपुर गांव में भी प्रशासन ने कार्रवाई की है।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संभल-मुरादाबाद रोड के किनारे स्थित गाटा संख्या 523 की भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। एसडीएम न्यायालय से बेदखली का आदेश मिलने के बाद जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। भूमि खाली होने के बाद तालाब को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जाएगा।



