मासूम की निर्मम हत्या से दहला कैसरगंज, जमीनी विवाद में हत्या की आशंका, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की हैं। एसपी ने बताया कि शक के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच / जनमत न्यूज। जनपद के कैसरगंज क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार कैसरगंज थाना क्षेत्र के मझारा तौकली गांव के अर्जुन पुरवा निवासी 7 वर्षीय धनंजय अपने दोस्तों के साथ पड़ोस में चल रही शादी की तैयारियां देखने गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
काफी खोजबीन के बाद मासूम धनंजय का शव गांव के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के भाइयों ने पड़ोसी राम विजय पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उनका आरोपी से कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की हैं। एसपी ने बताया कि शक के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या की वजह पुराना जमीनी विवाद सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Janmat News 
