कानपुर देहात: सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न, किसानों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की हुई समीक्षा
उप्र के कानपुर देहात जनपद के माती स्थित विकास भवन सभागार में आज सहकारिता विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद के माती स्थित विकास भवन सभागार में आज सहकारिता विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन एसडी परिहार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं, लोन रिकवरी की स्थिति और खाद-उर्वरक की उपलब्धता की गहन समीक्षा करना रहा।
बैठक में कानपुर मंडल के अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक सहकारिता उदयभान सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने समिति स्तर पर किसानों को दी जा रही सुविधाओं का ब्योरा लिया और पारदर्शी तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन एसडी परिहार ने अधिकारियों को ताकीद की कि सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक बिना किसी रुकावट के पहुंचना चाहिए।
बैठक के दौरान बैंक की बकाया लोन रिकवरी की गति तेज करने और समितियों के कामकाज में सुधार लाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त आशीष कुमार मेहता, बैंक के सचिव व मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र सिंह वर्मा सहित जिले की विभिन्न सहकारी समितियों के सचिव और बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।




