कानपुर देहात: आज से जाति जनगणना के दूसरे फेज का आगाज, कल से शुरू होगा SIR कार्यक्रम
यूपी सहित पूरे देश में आज से जातीय जनगणना के दूसरे फेज की शुरुआत हो गई है, जबकि कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान (SIR) भी शुरू होने जा रहा है।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। यूपी सहित पूरे देश में आज से जातीय जनगणना के दूसरे फेज की शुरुआत हो गई है, जबकि कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान (SIR) भी शुरू होने जा रहा है। इन दोनों ही महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उप्र के कानपुर देहात प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है।
इसी कड़ी में आज जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल और अपर जिलाधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता का आयोजन किया।
प्रेस वार्ता के दौरान डीएम ने जातीय जनगणना के दूसरे चरण, स्व-जनगणना की प्रक्रिया और कल से शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कानपुर देहात में प्रशासनिक स्तर पर दोनों बड़े अभियानों को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि आज से प्रारंभ हो रहे जाति जनगणना के दूसरे चरण आगाज हो गया है, जिसमें नागरिकों के लिए स्व-जनगणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
इसके साथ ही डीएम ने जानकारी दी कि कल से जनपद में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। इस अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य बीएलओ (BLO) के माध्यम से किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद सीडीओ विधान जायसवाल और एडीएम ने भी अभियानों की पारदर्शिता और समयबद्धता को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का ब्योरा रखा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों और बीएलओ को सही जानकारी देकर लोकतंत्र और विकास की इस प्रक्रिया में अपना सहयोग दें।



